

एक पौधा अवश्य लगाएं
बीकानेर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति दस रुपये की एक चाय छोड़कर, उस कीमत का एक पौधा अवश्य लगाएं। उसे तीन साल तक बड़ा भी करें। उन्होने कहा कि एक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ का दोहन करता है। लिहाजा प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लें। पर्यावरण संरक्षण के लिए यह अत्यंत आवश्यक है।
गहलोत शनिवार सुबह रिडमलसर स्थित सागर तालाब किनारे ’’वंदे गंगा’’ जल संरक्षण- जन अभियान कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होने उपस्थित जनों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री ने कहा कि एक भागीरथ वे थे जो धरती पर गंगा लेकर आए। दूसरे भागीरथ हमारे मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा हैं जिन्होने वर्षा जल संरक्षण को लेकर ये अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि केवल एक पखवाड़े तक ही नहीं बल्कि पूरे साल हमें इस अभियान का हिस्सा बनकर जल संरक्षण करना है। प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान का हिस्सा बने और आगे बढाए।
इससे पूर्व सागर तालाब पर ही पीपल पूजन से कार्यक्रम की शुरूआत की गई। तत्पश्चात अतिथियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम के आखिर में विकास अधिकारी बीकानेर श्रीमती शाजिया तबस्सुम ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अभियान के तहत जो लक्ष्य दिया गया है उसे सबके सहयोग से पूरा करेंगे।कार्यक्रम के आखिर में अहमदाबाद प्लेन क्रैश हादसे को लेकर दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री गोपाल जोशी ने किया।
