

योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है
बीकानेर। महर्षि पतंजलि योग संस्थान की ओर से रविवार को गजनेर रोड स्थित जवाहर पार्क में योग शिविर का आयोजन योग गुरु दीपक शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य और आत्मिक शुद्धता का अनुभव किया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुई, जिसके पश्चात गायत्री परिवार के देवेन्द्र सारस्वत ने कहा कि गायत्री मंत्र केवल एक मंत्र नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाला शक्तिशाली साधन है। यह मानसिक शांति, आध्यात्मिक जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। योग सत्र का संचालन करते हुए योग गुरु दीपक शर्मा ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं विभिन्न योगासन करवाए और उनके शारीरिक तथा मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है, जो हमें समग्र रूप से स्वस्थ बनाती है। कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार के देवेंद्र सारस्वत एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योगदान देने वाले योग शिक्षकों का सम्मान भी किया गया।
