

जिला अस्पताल में प्रतीक्षालय और जल मंदिर का लोकार्पण
बीकानेर। जोशीवाड़ा निवासी गौरीशंकर व्यास एवं उनके परिवार ने अपने माता-पिता स्व. फकीर चंद व्यास एवं श्रीमती लक्ष्मी देवी व्यास की स्मृति में एसडीएम जिला अस्पताल मेंआठ लाख रुपये से अधिक की लागत से मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय हॉल एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था के लिए जल मंदिर का निर्माण करवाया। जिसका लोकार्पण वयोवृद्ध पं. श्री नथमल पुरोहित के सान्निध्य में रविवार को पूजन अर्चन एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस मौके पर जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ सुनील हर्ष, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ घनश्याम तंवर व डॉ गुलाब खत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए केशवानी व्यास परिवार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सम्मानित किया।
अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि जिला अस्पताल में निरंतर भामाशाहों और दानदाताओं के सहयोग से मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इस क्रम में राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त श्री गौरीशंकर व्यास एवं परिवार ने अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने एवं जलपान हेतु प्रतीक्षालय के निर्माण एवं विकास का निर्णय लिया गया। इस मौके पर इस कार्य के प्रेरणास्रोत अधीक्षक डॉ सुनील हर्ष का व्यास परिवार द्वारा साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
