Bikaner Bikaner District Rajasthan

जल संसाधन विभाग में कनिष्ठ अभियंता के 364 पदों पर होगी भर्ती

जल संसाधन विभाग में कनिष्ठ अभियंता के 364 पदों पर होगी भर्ती
जयपुर। जल संसाधन विभाग में कनिष्ठ अभियंता के 364 पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। विभाग में तकनीकी क्षमताओं को सुदृढ़ करने और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को अर्थना भेजी है। इसमें कनिष्ठ अभियंता डिग्री एवं डिप्लोमा धारकों के लिए गैर अनुसूचित क्षेत्र और अनुसूचित क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग पद आरक्षित किए गए हैं। जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत के प्रयासों से विभाग में नवाचार और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। कनिष्ठ अभियंताओं की भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर मिलेंगे। साथ ही, विभागीय कार्यक्षमता में अभिवृद्धि होगी। उल्लेखनीय है कि मंत्री श्री रावत के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभाग में लगभग सभी संवर्गों की डीपीसी पूर्ण कर पदोन्नति की जा चुकी है।
इन पदों पर भर्ती
गैर अनुसूचित क्षेत्र में कनिष्ठ अभियंता सिविल (डिग्री) के 165 पद, कनिष्ठ अभियंता सिविल (डिप्लोमा) के 97 पद, कनिष्ठ अभियंता मैकेनिकल (डिग्री) के 4 पद और कनिष्ठ अभियंता मैकेनिकल (डिप्लोमा) के 10 पदों पर भर्ती होगी। साथ ही, अनुसूचित क्षेत्र में कनिष्ठ अभियंता सिविल (डिग्री) के 28 पद और कनिष्ठ अभियंता सिविल (डिप्लोमा) के 60 पदों पर भर्ती के लिए भी अर्थना भिजवाई गई है।
जल संसाधन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। राज्य के जल संसाधन प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ करने के लिए विभाग को तकनीकी रूप से सशक्त किया जा रहा है। अब विभाग में इन पदों पर भर्ती होने से राज्य की जल परियोजनाओं की गुणवत्ता अधिक मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *