

महर्षि दधीचि के त्याग से मानवता की सुरक्षा का संदेश
बीकानेर। मानव कल्याण समिति की ओर से महर्षि दधीचि जयंती के उपलक्ष्य में ‘मानव सुरक्षा में त्याग का महत्व’ विषय पर गोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समिति अध्यक्ष मदन गोपाल तिवाड़ी ने बताया कि कार्यक्रम में महर्षि दधीचि के त्याग और उनके जीवन से मिलने वाली प्रेरणा पर विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओम प्रकाश कुमावत ने कहा कि महर्षि दधीचि के त्याग के कारण ही मानवता की सुरक्षा संभव हुई। विशिष्ट अतिथि लक्ष्मण लिम्बा ने कहा कि मानव जीवन में त्याग की भावना का विशेष महत्व है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मदन गोपाल तिवाड़ी ने कहा कि महर्षि दधीचि द्वारा किए गए त्याग और उनके आदर्शों को विद्यार्थियों को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से नई पीढ़ी को मानव कल्याण एवं समाज सेवा की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर इंदिरा देवी तिवाड़ी, उत्कर्षा, शिवशंकर तिवाड़ी, दाधीच कुमार, चित्रा ओझा, मोहित, निशांत, दिशा ओझा सहित अन्य उपस्थित रहे।
