

सेना भर्ती रैली में उमड़ा युवाओं का उत्साह, 90 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की रही उपस्थिति
बीकानेर/जोधपुर। सेना भर्ती कार्यालय, जोधपुर की ओर से नौ जिलों के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली राजकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय, जोधपुर में 1 से 19 सितम्बर तक आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त राजस्थान के सभी जिलों की महिला अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (महिला सैन्य पुलिस) भर्ती रैली का आयोजन 19 सितम्बर को जोधपुर में किया गया। भर्ती रैली में बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभ्यर्थियों ने अपने उत्साह, देशभक्ति और जोश का प्रदर्शन किया। रैली में अभ्यर्थियों की प्रभावशाली उपस्थिति रही और 90 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार अगली भर्ती रैली 1 अक्टूबर से सीकर में आयोजित की जाएगी। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने बताया कि ऑनलाइन भर्ती परीक्षा (सीईई) शुरू होने के बाद सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो गई है।
