

माहेश्वरी समाज ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया महेश नवमी महोत्सव
बीकानेर। माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी महोत्सव श्रद्धा, उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। महोत्सव के तहत समाज की ओर से विभिन्न स्थानों पर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें समाजबंधुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुशील करनाणी ने बताया कि महोत्सव के दौरान समाज द्वारा विभिन्न आयोजनों के माध्यम से भगवान महेश की आराधना की गई तथा समाज की परंपराओं का निर्वहन किया गया। सत्यनारायण राठी ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने एकजुटता का परिचय देते हुए सभी कार्यक्रमों में पूर्ण सहभागिता निभाई और उत्सव को सफल बनाया। किशन चांडक ने बताया कि भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ कलम-दवात एवं तराजू का पूजन किया गया। इसके अलावा भगवान शिव का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक कर समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई। पवन राठी ने बताया कि महेश भवन से सचेतन झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली। शोभायात्रा में समाज के महिला, पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज और भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महोत्सव के दौरान समाज की विभिन्न गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रामनारायण बजाज, हरिकिशन नारायण मूंघड़ा, देवकिशन चांडक, शालिनी बजाज, डॉ. अभिषेक शर्मा, सुशील थिराणी एवं योगेश लड्ढा का उपरना ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।
