Bikaner Bikaner District

नहरबंदी के दौरान जल संरक्षण और इसके सदुपयोग में सहयोग दें आमजन

प्रस्तावित नहरबंदी के दौरान जल संरक्षण और इसके सदुपयोग में सहयोग दें आमजन
बीकानेर। प्रस्तावित नहरबंदी के दौरान पेयजल उपलब्धता में कमी के मद्देनजर जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता खेमचंद सिंगारिया ने उपभोक्ताओं से पानी की बचत और जल संरक्षण में योगदान की अपील की है।  उन्होंने कहा है कि आमजन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रख और अपनी आदतों में बदलाव कर जल संरक्षण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी घर में टपकता हुआ नल हो, तो इसे ठीक करवाएं क्योकि एक टपकता नल दिनभर में करीब अस्सी लीटर पानी बर्बाद करता है। नहाते वक्त शॉवर की बजाय बाल्टी में पानी भरकर नहाएं। ऐसा करके प्रतिदिन एक परिवार तकरीबन सौ लीटर पानी की बचत कर सकता है। उन्होंने कहा शेव करते समय मग में पानी लेकर प्रयोग करें, जिससे नल से बहते हुए पानी को रोका जा सके। कूलर में उतना ही पानी प्रयोग करें, जितनी जरूरत हो। उन्होंने कहा कि आमतौर पर देखा गया है कि लोग गर्मी में अपने घर की छतों और घर के बाहर अनावश्यक पानी छिडकाव करते हैं। ऐसा न करके हम प्रतिदिन सैेकडों लीटर पानी की बचत कर सकते हैं। इसी तरह सार्वजनिक पानी स्टैण्ड, पीएसपी का भी उचित प्रयोग करें और वहां बहता पानी न छोडकर, बहते जल का नल बंद कर दें। अपने शौचालयों में भी पानी का प्रयोग मितव्ययता से करें। घरों में आरओ से निकले अनुपयोगी पानी को अपने शौचालयों में प्रयोग कर जल बचत कर सकते हैं। इस तरह आमजन विभाग का सहयोग करें तो नहरबंदी के दौरान जल संकट के हालात पैदा नहीं होेंगे और लीकेज की समस्या को तुरंत अवगत करवाएं, जिससे समय रहते दुरूस्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *