

आचार्य परिवारजनों ने किया सामूहिक शिव पूजन, महाप्रसाद का आयोजन
बीकानेर। आचार्य वेणीदास के समस्त वंशजों एवं आचार्य परिवारजनों का सामूहिक शिव पूजन एवं महाप्रसाद कार्यक्रम शनिवार को महानंद तालाब स्थित श्री रामेश्वरनाथ शिव मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर ‘ॐ नमः शिवाय’ के मंत्रोच्चार से गूंज उठा और वातावरण शिवमय हो गया। कार्यक्रम में आचार्य परिवारजनों ने सामूहिक रूप से भगवान शिव का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक एवं पूजन किया। पूजन पंडित नथमल जी पुरोहित के सान्निध्य में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने जल, दुग्ध एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर आचार्य परिवारजनों ने सावन मास की धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना की। पूजन के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में परिवारजनों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में आचार्य पोकर पोता, महानंद ट्रस्ट, धरणीधर ट्रस्ट, रघुनाथ ट्रस्ट एवं ज्योतिषी आचार्य ट्रस्ट की सहभागिता रही।
