Bikaner Bikaner District Rajasthan

मोदी ने देशभर के 103 पुनर्विकसित अमृत रेलवे स्टेशनों का किया उद्घाटन

देशनोक समेत राजस्थान के 8 रेलवे स्टेशन का हुआ कायाकल्प- प्रधानमंत्री ने बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन की दी सौगात, देशनोक रेलवे स्टेशन से दिखाई हरी झंडी – राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कार्यक्रम में हुए शामिल
बीकानेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीकानेर जिले के देशनोक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करते हुए देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशनोक रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात भी दी। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी बच्चों से भी मिले और बच्चों द्वारा बनाई पेंटिंग्स की सराहना की। इस दौरान बच्चों ने भारत माता की जयघोष से परिसर को गुंजायमान कर दिया। प्रधानमंत्री ने स्टेशन परिसर में शहीदों के सम्मान में प्रदर्शनी गैलेरी का अवलोकन किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन व स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1 लाख करोड़ रुपए की लागत से 1300 से अधिक स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसी क्रम में पुनर्विकसित किए गए 103 रेलवे स्टेशनों में राजस्थान के आठ रेलवे स्टेशन देशनोक, गोगामेड़ी, बूंदी, माण्डलगढ़, गोविंदगढ़, मण्डावर-महुआ रोड, फतेहपुर शेखावाटी और राजगढ़ शामिल हैं। हर स्टेशन के विकास में विरासत भी-विकास भी के मूलमंत्र के आधार पर स्थानीय वास्तुकला एवं संस्कृति से प्रेरित निर्माण के साथ ही आधुनिक सुविधाओं का समायोजन किया गया हैं। उद्घाटन के दौरान इन स्टेशनों पर भी समारोह आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही आमजन व स्कूली बच्चे भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *