

बाढ़ प्रभावितों को भेजी जीवन-रक्षक सामग्री
बीकानेर। पंजाब में हाल ही में आई भीषण बाढ़ ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रभावित लोग छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भी जूझ रहे हैं। ऐसे कठिन समय में बीकानेर की सिमरन सेवा सोसाइटी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के सहयोग से लगभग सात लाख रुपये मूल्य की राहत सामग्री पंजाब रवाना की है। इस सामग्री में मुख्य रूप से खाद्य सामग्री, वस्त्र तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएँ शामिल हैं, जिनमें आटा, चावल, दालें, चीनी, चायपत्ती, सरसों का तेल, मच्छरदानी, तिरपाल, सेनेटरी नैपकिन, मोमबत्ती, माचिस, ओडोमॉस, टॉर्च व सैल, मिल्क पाउडर तथा डिटॉल जैसी आवश्यक वस्तुएँ सम्मिलित हैं। सिमरन सेवा सोसाइटी के राहत अभियान संयोजक हरविंद्र सिंह भाटिया ने बताया कि बीकानेर से राहत सामग्री की एक बड़ी खेप विभिन्न परिवहन साधनों के माध्यम से रवाना की गई है, जो पंजाब के विभिन्न शहरों में गंगानगर मे केंद्रीकृत व्यवस्था से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुँचाई जाएगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस पुनीत कार्य में अधिकाधिक सहयोग का आह्वान किया और आश्वस्त किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
