

भविष्य की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के दिए निर्देश
बीकानेर/जयपुर। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (आरएसपीसीबी) के अध्यक्ष डॉ. रवि कुमार सुरपुर ने मंडल मुख्यालय में पदस्थापित एवं सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अच्छे मानसून को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन सहित विभिन्न हितधारकों के सहयोग से राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण सुनिश्चित करें। डॉ. रवि कुमार सुरपुर शुक्रवार को झालाना में मंडल परिसर स्थित सभागार में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान एमआईएस 2.0 में उद्योगों के पंजीयन की स्थिति, सीईटीपी और डेटा ट्रांसमिशन से जुड़े स्काडा सिस्टम की कार्यप्रणाली सहित राष्ट्रीय हरित अधिकरण एवं अन्य न्यायालयों के निर्देशों के अनुपालन की स्थिति आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हितधारकों को नई तकनीकों व कानूनों से अवगत कराने और सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यालयों को माह में दो दिवस की कार्यशाला का आयोजन करना चाहिए। इसके लिए गैर सरकारी संगठनों, अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय संगठनों आदि का सहयोग लिया जा सकता है।
बैठक में आरएसपीसीबी के मुख्य पर्यावरण अभियंता श्री प्रेमालाल एवं मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी श्री विक्रम सिंह परिहार सहित बीकानेर के क्षेत्रीय अधिकारी श्री राजकुमार मीणा समेत राज्य के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रभारी, मंडल के अधिकारीगण व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
