

बाबा रामदेवजी मंदिर में आठवां भंडारा आयोजित
बीकानेर। बड़ा बाजार स्थित लोकदेवता बाबा रामदेवजी के करीब 350 वर्ष प्राचीन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं आठवें भंडारे का आयोजन भक्तिगीतों और बाबा रामदेवजी के जयकारों के बीच हुआ। आयोजन से जुड़े रौनक पारख ने बताया कि भंडारे में जाति-पांति का भेद भूलकर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि बीकानेर शहर के विभिन्न मोहल्लों सहित गंगाशहर, भीनासर, सुजानदेसर, करमीसर, किसमीदेसर आदि क्षेत्रों से करीब 10 हजार श्रद्धालु भंडारे में शामिल हुए। मंदिर एवं भंडारा स्थल पर विधिवत जोत एवं आरती की गई। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेवजी की जोत एवं रामदेवरा की तर्ज पर स्थापित प्रतिमा के दर्शन किए। मंदिर एवं भंडारा स्थल को फूलों तथा रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया। पुजारी अशोक माली, तरुण संघ, रोटा संघ तथा मंदिर में नियमित दर्शन करने वाले करीब 200 कार्यकर्ताओं ने भंडारे में प्रसाद वितरण की सेवा की। इनमें डॉ. कन्हैयालाल कच्छावा, विनय, लकी, रोनक, आशीष, लालू भादाणी सहित अन्य कार्यकर्ताओं की टीम ने सहभागिता निभाई।
