

जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
बीकानेर। संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा ने गुरुवार को एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। इस दौरान संभागीय आयुक्त मीणा अस्पताल के आउटडोर, आपातकालीन, नवनिर्मित लैब, इनडोर वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी, संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र चौधरी और अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष साथ रहे। संभागीय आयुक्त ने अस्पताल की प्रगति एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली एवं महिला एवं प्रसूति विभाग को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने अस्पताल परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायज लिया और पीडब्ल्यूडी के द्वारा रुके हुए कार्यों के कारण बिखरे पड़े मलबे और निर्माण सामग्री पर नाराजगी जताई एवं पीडब्ल्यूडी इंजीनियर को दूरभाष पर निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल की आरएमआरएस की बैठक संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
