

विश्व जनसंख्या दिवस, परिवार कल्याण में श्रेष्ठ योगदान देने वाली पंचायतों व अस्पतालों को नकद राशि व प्रशस्ति पत्र देकर करेंगे सम्मानित
बीकानेर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शुक्रवार को केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल परिवार कल्याण में श्रेष्ठ योगदान वाली बीकानेर जिले की पंचायतों व अस्पतालों को नकद राशि व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। श्रेष्ठ पंचायत समिति से लेकर श्रेष्ठ ग्राम पंचायत तक कुल 7.5 लाख रुपए के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पंचायती राज जनप्रतिनिधि तथा अस्पताल प्रभारी पुरस्कार ग्रहण करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुखराज साध ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग परिवार कल्याण को केंद्र में रखकर विश्व जनसंख्या दिवस को समारोह पूर्वक मनाएगा। डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण डॉ योगेंद्र तनेजा ने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम है “मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन की तैयारी सही”। योग्य दम्पतियों से सम्पर्क कर नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन, आईयूसीडी, छाया, ओरल पिल्स व कंडोम जैसे परिवार कल्याण साधनों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई है। अब इसी दम्पति सम्पर्क अभियान का परिणाम सेवा प्रदान पखवाड़े के दौरान आगामी नियत सेवा दिवसों पर मिलेगा। डॉ योगेंद्र तनेजा ने बताया कि वर्ष पर्यंत परिवार कल्याण तथा मातृ शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम में श्रेष्ठ कार्य करने वाले कार्मिकों, स्वास्थ्य केंद्रों व पंचायतों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। जिले में प्रथम व द्वितीय स्थान पर क्रमशः पंचायत समिति खाजूवाला तथा पूगल रही परंतु इन्हें गत वर्षो में भी पुरस्कार मिलने के कारण सर्वश्रेष्ठ पंचायत समिति के रूप में पंचायत समिति बज्जू को 2 लाख रुपए नकद पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
