

दुर्घटना में घायल मरीज के हाथ पर की जटिल ग्रोइन फ्लैप सर्जरी
बीकानेर। एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग ने दो बड़े जटिल ऑपरेशन कर एक बार फिर अपनी क्षमता का परिचय दिया है। जिला अस्पताल के अस्थि रोग विभाग में डॉ. लोकेश सोनी के नेतृत्व में टीम ने एक ओर जटिल ग्रोइन फ्लैप सर्जरी की, वहीं दूसरी ओर एक अन्य मरीज के घुटने में गंभीर विकृति की स्थिति में सफलतापूर्वक जटिल घुटना प्रत्यारोपण किया गया।
दुर्घटना में घायल हाथ को नया जीवन
पहला मामला पूगल निवासी मरीज का है। एक दुर्घटना में मरीज के हाथ में इतनी गंभीर चोट आई कि चमडी के साथ ऊतक लगभग नष्ट हो गए। समय पर सही इलाज न मिलने से हाथ काटने की नौबत आ गई थी। मरीज को कई चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन अंततः उन्होंने जिला अस्पताल में अस्थि रोग विभाग में परामर्श लिया। जहां मरीज के जटिल ग्रोइन फ्लैप सर्जरी करने का निर्णय लिया गया। डॉ लोकेश सोनी ने बताया कि प्रारंभ में लगातार डिब्रिजमेंट कर घाव को नियंत्रित किया गया। इसके बाद मरीज के पेट की त्वचा को फ्लैप के रूप में प्रयोग करते हुए हाथ को 21 दिन तक पेट से जोड़कर रखा गया। समय पूरा होने पर जब फ्लैप को शरीर ने स्वीकार कर लिया, तब हाथ को पेट से अलग कर दिया गया। इस प्रकार ग्रोइन फ्लैप तकनीक का प्रयोग कर हाथ का सफल पुनर्निर्माण किया गया। इस तरह की सर्जरी का जिला अस्पताल में पहला मामला है जो कि अस्पताल की अभूतपूर्व उपलब्धि है।
विकृति वाले मरीज का जटिल घुटना प्रत्यारोपण
दूसरा मामला एक बुजुर्ग मरीज का है, जो वर्षों से घुटने के दर्द और विकृति से परेशान थे। उनका घुटना सामान्य स्थिति से काफी टेढ़ा हो चुका था, जिससे चलना-फिरना बेहद कठिन हो गया था। इस पर मरीज ने जिला अस्पताल में परामर्श लिया जिसमें ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों की टीम ने आधुनिक तकनीक का उपयोग कर उनका जटिल घुटना प्रत्यारोपण किया। डॉ लोकेश सोनी ने बताया कि इस सर्जरी में विशेष सावधानी बरतनी पड़ी क्योंकि विकृति अधिक होने से प्रत्यारोपण प्रक्रिया सामान्य से अधिक कठिन थी। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज अब तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
