

समितियों को मिलेगा माइक्रो एटीएम, बढ़ेगी आय
बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 एवं सहकार से समृद्धि अभियान के तहत प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को केन्द्रीय सहकारी बैंक से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को बज्जू स्थित उरमूल डेयरी प्लांट कार्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य समितियों को बैंक मित्र बनाकर ग्रामीण स्तर पर सहकारी बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करना रहा। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उरमूल डेयरी के प्रबंध संचालक बाबूलाल बिश्नोई ने कहा कि केंद्र सरकार की पहल पर दुग्ध सहकारी समितियों को माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराकर उन्हें बैंक मित्र के रूप में जोड़कर सशक्त किया जा रहा है। इससे न केवल समितियों की कार्यक्षमता व आय बढ़ेगी, बल्कि उनके सदस्यों को बैंकिंग सेवाएं सीधे गांव में उपलब्ध होंगी। कार्यशाला में भागीरथ तेतरवाल, डायरेक्टर रामजस भादू, गोरधनराम, मांगीलाल, बज्जू केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक जनक तनेजा, ग्रामीण दयाराम, हरिराम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
