

निबंध प्रतियोगिता में बीकानेर की पाटा संस्कृति-फक्कड़पन और आलीजापन का सुंदर चित्रण
बीकानेर। नगर स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले आयोजनों की श्रृंखला में 537वें स्थापना दिवस पर आयोजित 7 दिवसीय उछब थरपणा के तहत आज समारोह के चौथे दिन निबंध प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। समारोह संयोजक राजेश रंगा ने बताया कि ‘अलमस्त शहर बीकानेर’ विषयक निबंध प्रतियोगिता सफल रही। जिसमें बीकानेर के विभिन्न पक्षों को रखते हुए जैसे पाटा संस्कृति, मनमौजी, तीज त्यौहार, इतिहास एवं स्थापत्य-कला एवं परंपरागत्त संस्कृति के बारे में। निबंध में बहुत सुंदर चित्रण सहभागीयों ने अपनी-अपनी भाषा शैली में व्यक्त किए। जिसके माध्यम से आत्म संतोषी बीकानेर शहर के आलीजापन एवं फक्कड़पन को रेखांकित किया। निबंध प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक वरिष्ठ साहित्यकार कमल रंगा ने गद्य की सशक्त विधा निबंध के बारे में प्रकाश डालते हुए कहा कि निबंध के माध्यम से हम विषय की पूर्णता प्राप्त कर सकते है। आज लिखे गए सैकडों निबंध अपनी भाषा एवं शैली के कारण विभिन्नता लिए हुए थे, जो कि अपने आप में सुखद अनुभव रहा।
निबंध प्रतियोगिता के प्रभारी नवनीत व्यास एवं आशीष रंगा ने बताया कि विभिन्न विद्यालयों के 119 प्रतिभागियों ने इस महत्वपूर्ण विषय का अच्छा निवर्हन किया है। समारोह के पांचवे दिन खेल संवाद का आयोजन दोपहर 4 बजे नत्थूसर गेट बाहर स्थित लक्ष्मीनारायण रंगा सृजन सदन में रखा गया है। जिसमे विभिन्न खेलों से जुडी प्रतिभाएं खेल और खिलाड़ी को लेकर वैचारिक मंथन करेंगे।
