

मूंगफली की एमएसपी बढ़ने से बीकानेर के किसानों को होगा सर्वाधिक लाभ
बीकानेर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने विपणन सीजन 2025-26 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को मंजूरी दी है। इससे उत्पादकों को उनकी उपज के लिए लाभकारी मूल्य मिल सकेगा।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने इस पर प्रसन्नता जताई है और इसे किसानों के हित में संवेदनशील निर्णय बताया है।उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के साथ मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा का आभार जताया है। खाद्य मंत्री ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा पिछले वर्ष की तुलना में एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि राम तिल (820 रुपये प्रति क्विंटल) के लिए की गई है, इसके बाद रागी (596 रुपये प्रति क्विंटल), कपास (589 रुपये प्रति क्विंटल), तिल (579 रुपये प्रति क्विंटल) और मुंगफली (480 रुपये प्रति क्विंटल) के लिए एमएसपी में वृद्धि की गई है।
मूंगफली के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि पर भी उन्होंने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने बताया कि जिले का मुख्य मुंगफली उत्पादक क्षेत्र लूणकरणसर है। मुंगफली की एमएसपी बढ़ाकर 7 हजार 263 रुपए निर्धारित की गई है जिससे जिला बीकानेर के कृषकों को प्रत्यक्ष लाभ होगा। उल्लेखनीय है कि जिले में खरीफ का कुल क्षेत्रफल 16 लाख हैक्टेयर है। इसमें से 3.25-3.50 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में मुंगफली होती है।
