

अमर शहीद नाटक का मंचन जयपुर रवीन्द्र मंच पर
बीकानेर। देश के ख्यातनाम नाटककार साहित्यकार, चिंतक कीर्तिशेष लक्ष्मीनारायण रंगा जिनके लोकप्रिय नाटक ‘अमर शहीद’ का मंचन प्रदेश की राजधानी जयपुर में रवीन्द्र मंच पर हुआ। रवीन्द्र मंच सोसायटी द्वारा आयोजित टैगोर थियेटर योजना के अन्तर्गत परंपरा नाट्य समिति द्वारा वरिष्ठ रंगकर्मी एवं तमाशा साधक दिलीप भट्ट के निर्देशन में इस नाटक का भव्य प्रदर्शन हुआ। जिसे देखकर सभी श्रोता भाव विभोर हो गए।कीर्तिशेष लक्ष्मीनारायण रंगा की रंग साधना बीकानेर से सन् 1952 से शुरू होकर राजधानी जयपुर में कई दशकों तक निरन्तर जारी रही।
‘अमर शहीद’ नाटक राजस्थान के अमर स्वतंत्रता सेनानी सागरमल गोपा की देशभक्ति और उनके त्याग की अमर कहानी है। सागरमल गोपा स्वतंत्रता आंदोलन के वे महानायक थे जिनको अमानवीय एवं कू्ररत्तम दंड देते हुए जिंदा जला दिया गया था। ज्ञात रहे कि लक्ष्मीनारायण रंगा का यह चर्चित नाटक माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में वर्षों तक दसवीं और बारहवीं के पाठ्यक्रम में शामिल रहा है।
