

प्रौढ़ शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर। यूनिवर्सिटी-सोशल रिस्पोसिबिलिटी के तहत राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के संघटक डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गांव कतरियासर में प्रौढ़ शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 10 महिलाओं एवं 7 पुरुषों ने भाग लिया। अधिष्ठाता डॉ. राहुल सिंह पाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के अशिक्षित एवं अल्पशिक्षित प्रौढ़ नागरिकों को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनमें शिक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रीटा, सहायक प्राध्यापक, डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, बीकानेर द्वारा किया गया। प्रतिभागियों को वर्णमाला, अंक ज्ञान, सरल शब्दों के पठन-लेखन तथा दैनिक जीवन में उपयोगी बुनियादी गणनाओं का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश भी प्रदान किए गए।
