

सीमावर्ती क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों के लिए बीकानेर मिलिट्री स्टेशन ने आयोजित किया वाइब्रेंट विलेज सेमिनार
बीकानेर। बीकानेर मिलिट्री स्टेशन की ओर से राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों के लिए वाइब्रेंट विलेज सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य नागरिक-सैन्य समन्वय को सुदृढ़ करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण को प्रोत्साहित करना रहा। इसके साथ ही सीमावर्ती समुदायों की सुरक्षा एवं सामाजिक-आर्थिक विकास में पूर्व सैनिकों के अनुभव और योगदान का लाभ उठाने पर भी जोर दिया गया। सेमिनार में बीकानेर जिले के अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से भाग लिया, जबकि अन्य सीमावर्ती जिलों के प्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। इस दौरान भारतीय सेना, नागरिक प्रशासन एवं विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने साझा मंच पर विचार-विमर्श किया। इससे आपसी संवाद, समन्वित योजना और सामूहिक कार्रवाई को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के कल्याण, सरकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच, ग्रामीण विकास तथा सीमावर्ती समुदायों के समग्र उत्थान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीण विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और ग्रामीण विकास से जुड़ी पहलों की जानकारी दी। सेमिनार में सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा में पूर्व सैनिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
