Bikaner Bikaner District Rajasthan

‘द लिटरेरी कम्पास’ के छह खंडों का लोकार्पण

पुस्तक श्रृंखला ‘द लिटरेरी कम्पास’ के छह खंडों का लोकार्पण
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय में बीए अंग्रेजी साहित्य के पाठ्यक्रम पर आधारित पुस्तक श्रृंखला ‘द लिटरेरी कम्पास’ के छह खंडों का लोकार्पण किया गया। सूर्य प्रकाशन मंदिर द्वारा प्रकाशित इस श्रृंखला का विमोचन कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई, मुख्य संपादक प्रो. अविनाश जोधा एवं अन्य अतिथियों ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रो. बिश्नोई ने संपादकीय टीम एवं प्रकाशक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में पाठ्यक्रम परिवर्तन के साथ विद्यार्थियों तक सहज, सरल एवं प्रामाणिक अध्ययन सामग्री पहुंचाना भी महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसी पुस्तकें विद्यार्थियों को विषय की बेहतर समझ विकसित करने तथा परीक्षा की तैयारी में सहायता प्रदान करती हैं। इस अवसर पर मुख्य संपादक प्रो. अविनाश जोधा ने पुस्तक श्रृंखला के निर्माण की प्रक्रिया एवं इसकी उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। ‘द लिटरेरी कम्पास’ श्रृंखला में बीए अंग्रेजी साहित्य के प्रथम से छठे सेमेस्टर तक का संपूर्ण पाठ्यक्रम शामिल किया गया है। इसमें साहित्यिक पृष्ठभूमि, आलोचनात्मक अध्ययन, विस्तृत सारांश, कठिन शब्दावली, संदर्भ-प्रसंग व्याख्या, बहुविकल्पीय प्रश्न तथा अभ्यासात्मक प्रश्नोत्तर को समाहित किया गया है। इस सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की व्यवस्थित एवं समग्र जानकारी उपलब्ध होगी। श्रृंखला के सह-संपादक डॉ. मनीष महर्षि, डॉ. सुनीता नैन एवं डॉ. नीतू बिस्सा हैं। कार्यक्रम में प्रो. राजेंद्र पुरोहित, प्रो. बबीता जैन, प्रो. राजाराम चोयल, डॉ. अनिल दुलार, डॉ. गौरीशंकर प्रजापत, डॉ. नमामि शंकर आचार्य, डॉ. गजानंद, डॉ. रमेश भोजक एवं पवन पारीक सहित विभिन्न महाविद्यालयों के अंग्रेजी विभागों के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *