

जन शिक्षण संस्थान में मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, प्रशिक्षणार्थियों को दिलाई शपथ
बीकानेर। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से जिले में संचालित जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस संस्थान परिसर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक ओमप्रकाश सुथार ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। संस्थान के सहायक कार्यक्रम अधिकारी उमाशंकर आचार्य ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों, अनुदेशकों एवं कार्यालय कर्मियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलवाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में लेखाकार लक्ष्मीनारायण चूरा, अनुदेशिकाएं संजू राठौड़ एवं संध्या भाटी सहित संस्थान के प्रशिक्षणार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
