

रामकृष्ण दास गुप्ता का निधन अधिवक्ता जगत के लिए अपूरणीय क्षति
बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक, राजस्थान बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रामकृष्ण दास गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मेघवाल ने कहा कि रामकृष्ण दास गुप्ता का निधन राजस्थान के अधिवक्ता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे प्रदेश के सभी अधिवक्ताओं की बुलंद आवाज थे। उनका संपूर्ण जीवन समाज कल्याण, जनसेवा और न्याय की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि गुप्ता का जीवन ईमानदारी, संघर्षशीलता और उच्च नैतिक आदर्शों का प्रतीक था। उनके योगदान और आदर्शों को सदैव याद किया जाएगा। उनका जीवन युवाओं और अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
