Bikaner Bikaner District Rajasthan

नगर निगम आयुक्त से मिलकर सफाई, सीवरेज और सड़कों की समस्याएं उठाईं

नगर निगम आयुक्त से मिलकर सफाई, सीवरेज और सड़कों की समस्याएं उठाईं
बीकानेर। गंगाशहर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जन अभाव अभियोग सतर्कता समिति के सदस्य मोहन सुराणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, सीवरेज, रोड लाइट, टूटी नालियों और क्षतिग्रस्त सड़कों सहित आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से आयुक्त को अवगत करवाते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गंगाशहर क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। इसके लिए नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, सीवरेज की समस्याओं का समय पर निस्तारण करने तथा टूटी नालियों और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवाने की जरूरत है, ताकि आम नागरिकों को आवागमन और दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके अलावा क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए बिजली के खंभों पर नई रोड लाइटें लगाने तथा बंद और खराब पड़ी लाइटों को शीघ्र ठीक करवाने की मांग भी रखी गई। नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी ने समस्याओं के समाधान के लिए दिवाली तक आवश्यक कार्य करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के निस्तारण के लिए कार्रवाई करने को कहा। प्रतिनिधिमंडल में प्रकाश मेघवाल, पार्षद गिरिराज जोशी, विक्रम राजपुरोहित, शिव गहलोत, विमल पारीक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *