

आईएडीवीएल के 47वें राज्य स्तरीय सम्मेलन का समापन, 35 से अधिक वैज्ञानिक प्रस्तुतियां हुईं
बीकानेर। भारतीय चर्म, रति एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ संगठन (आईएडीवीएल) के 47वें राज्य स्तरीय दो दिवसीय त्वचा रोग विशेषज्ञ सम्मेलन का ज्ञानवर्धक चर्चाओं के साथ समापन हुआ। त्वचा आरोग्य सेवा न्यास के संयोजन में आयोजित सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए त्वचा रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान 35 से अधिक लाइव प्रेजेंटेशन एवं वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के माध्यम से त्वचा संबंधी विभिन्न बीमारियों, उनके निदान, आधुनिक उपचार पद्धतियों, नवीन तकनीकों तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का वास्तविक लाभ तभी संभव है, जब उनका उपयोग मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए किया जाए। सम्मेलन में बीमारियों की समय रहते पहचान, सटीक निदान, उपचार के नवीन विकल्पों तथा मरीजों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप चिकित्सा पद्धतियां अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। सम्मेलन के सफल आयोजन में डॉ. आर.डी. मेहता, डॉ. बी.सी. घीया, डॉ. मोहित बंसल, डॉ. प्रसून सोनी, डॉ. सौरभ अग्रवाल, डॉ. दीपिका सिंह और डॉ. राधेश्याम सहित आयोजन से जुड़े अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
