

साहित्य, संगीत और चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. नासिर जैदी, गौरीशंकर सोनी और पुनीत कुमार रंगा सम्मानित
बीकानेर। प्रेरणा प्रतिष्ठान बीकानेर की ओर से डॉ. नासिर जैदी, संगीतकार गौरीशंकर सोनी तथा साहित्यकार पुनीत कुमार रंगा को राजरत्न सम्मान अर्पित किया गया। नागरी भंडार स्थित सुदर्शना कुमारी कला दीर्घा में आयोजित समारोह में सम्मानित विभूतियों को पुष्पहार, शॉल, श्रीफल, सम्मान पत्र एवं पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. अजय जोशी ने कहा कि समाज की सकारात्मक प्रवृत्तियों को आगे बढ़ाना आज की आवश्यकता है। प्रेरणा प्रतिष्ठान की ओर से विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास अनुकरणीय है। विशिष्ट अतिथि अशफाक कादरी ने कहा कि साहित्य, संगीत, संस्कृति, चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों के साथ युवाओं को सम्मानित करना समाज में सकारात्मक संदेश देता है। संस्था के प्रतिवेदन में प्रेमनारायण व्यास ने बताया कि प्रेरणा प्रतिष्ठान पिछले चार दशकों से साहित्य, संगीत, नाटक, संस्कृति, चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था को अमरकीर्ति शिखर सम्मान, राजरत्न सम्मान और सुंदर सुरभि सहित विभिन्न सम्मानों के माध्यम से 100 से अधिक विभूतियों को सम्मानित करने का गौरव प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम संयोजक राजाराम स्वर्णकार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर आत्माराम भाटी एवं डॉ. नमामीशंकर आचार्य ने सम्मान पत्रों का वाचन किया। समारोह में ओमप्रकाश बोड़ा, प्रमोद कुमार शर्मा, बीएल नवीन, डॉ. गौरीशंकर प्रजापत, डॉ. मोहम्मद फारूख, कमलकिशोर पारीक, कौशलेश गोस्वामी, ललित कुमार सिक्का, संजय श्रीमाली, ऋषि कुमार अग्रवाल, गिरिराज पारीक, गोपाल व्यास, महेंद्र जोशी, मदन जैरी, संदीप भाटी, दीपक व्यास, अविनाश व्यास, चंद्रप्रकाश व्यास एवं मनमोहन व्यास सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
