Bikaner Bikaner District Rajasthan

कांग्रेस ने थाली-कटोरा लेकर किया पैदल मार्च

कांग्रेस ने थाली-कटोरा लेकर किया पैदल मार्च
बीकानेर। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पीबीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर चलाया जा रहा “पीबीएम सुधारो जनआंदोलन” मंगलवार को तेरहवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी से जिला कलक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजन हाथों में थाली एवं कटोरा लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यदि अस्पताल प्रशासन समय रहते संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करता तो कई परिवारों को अपने प्रियजनों को खोने का दुख नहीं झेलना पड़ता। आंदोलन के दौरान मृतक प्रसूता शारदा नायक सहित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण जान गंवाने वाली अन्य प्रसूताओं के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग उठाई गई। साथ ही जिन महिलाओं की किडनी प्रभावित हुई है, उन्हें 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग भी की गई। जिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल, शशिकला राठौड़, श्रीकृष्ण गोदारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *