

रुद्राभिषेक महोत्सव का आयोजन
बीकानेर। महेश नवमी के पावन अवसर पर प्रीति क्लब, बीकानेर द्वारा सीताराम भवन में महादेव रुद्राभिषेक महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के बड़ी संख्या में दंपतियों एवं परिवारों ने भाग लेकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा धर्मलाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम में पंडित राजेन्द्र किराड़ू के मार्गदर्शन में 21 विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं रुद्रपाठ के मध्य भगवान महादेव का सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न करवाया गया। वातावरण शिवभक्ति और धार्मिक आस्था से ओतप्रोत रहा। महोत्सव में मुख्य यजमान के रूप में किशन चांडक अपने परिवार सहित सहभागी बने। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से रुद्राभिषेक एवं पूजन में भाग लेकर भगवान शिव से सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। रघुवीर झंवर ने बताया कि महोत्सव ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं दिव्य अनुभूति से अभिभूत कर दिया। आयोजन के दौरान समाज के लोगों में विशेष उत्साह एवं भक्ति भाव देखने को मिला। इस अवसर पर बृजमोहन चांडक, सुनील सारड़ा, द्वारकाप्रसाद पचीसिया, तोलाराम पेड़ीवाल, श्रीराम सिंगी, ओमप्रकाश करनानी, जुगल राठी, नारायण डागा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
