

ब्रिगेडियर उपेंद्र कौशल के निरीक्षण में भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चरण संपन्न
बीकानेर भारतीय सेना के आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस झुंझुनूं के तत्वावधान में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय स्टेडियम में 29 जनवरी से आयोजित भर्ती रैली सोमवार 16 फरवरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। भर्ती इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि इस भर्ती रैली में चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं तथा श्रीगंगानगर जिलों के योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेना भर्ती इंचार्ज कर्नल कुमार ने बताया कि इस अवसर पर ब्रिगेडियर उपेंद्र कौशल ने भर्ती स्थल का विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से मेडिकल परीक्षण क्षेत्र का विस्तृत अवलोकन कर व्यवस्थाओं की सराहना की तथा यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक अभ्यर्थी की चिकित्सीय जांच निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं स्टाफ से संवाद कर प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अभ्यर्थियों के अनुशासन, उत्साह एवं व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन पर संतोष व्यक्त किया। कर्नल कुमार ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि जिन उम्मीदवारों के दस्तावेज लंबित हैं, वे अपने शेष आवश्यक दस्तावेज 7 दिवस के भीतर, अर्थात 23 फरवरी 2026 तक, आर्मी भर्ती कार्यालय झुंझुनू में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। निर्धारित अवधि में दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर उनकी अभ्यर्थिता पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
