Bikaner Bikaner District Rajasthan

स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत बीकानेर को मिले 80 करोड़ रू.

स्मार्ट सिटी योजना को लेकर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक, एक महीने में डीपीआर तैयार करने के दिए निर्देश, जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को बनाया गया है कार्यकारी एजेंसी, आगामी तीन सालों में फेज वाइज होंगे विभिन्न कार्य
बीकानेर। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 अंतर्गत बीकानेर शहर को क्लीन एवं ग्रीन इको सिटी बनाने को लेकर स्मार्ट सिटी योजना में 80 करोड़ रुपए का बजट आवंटित हुआ है। स्मार्ट सिटी को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। जिसमें जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों से आगामी दो दिन में प्रस्ताव तैयार कर देने के निर्देश दिए हैं। स्मार्ट सिटी योजना को लेकर बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने जिला कलेक्टर को प्रस्ताव दिए। वहीं बीकानेर पूर्व विधायक श्रीमती सिद्धि कुमारी ने भी प्रस्ताव भिजवाए हैं।
जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को बनाया कार्यकारी एजेंसी
जिला कलेक्टर ने बताया कि बीकानेर को स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को कार्यकारी एजेंसी बनाया गया है। जो एक महीने में डीपीआर तैयार करेगी। एजेंसी के अधिकारी दो दिन बाद बीकानेर आएंगे और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव पर चर्चा करेंगे।
आगामी तीन सालों में फेज वाइज होंगे कार्य
स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत जिले में आगामी तीन सालों में फेज वाइज काम होंगे। जिसमें हरित अवसंरचना और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के उपयोग को बढ़ावा देना,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सौर छत और हरित गतिशीलता समाधान, मुख्य सड़कों के अग्रभाग की मरम्मत के साथ विरासत संपत्तियों का संरक्षण, पारंपरिक पुनर्भरण संरचनाओं को शामिल करते हुए एकीकृत जल विरासत प्रणालियां स्थापित करना, अपशिष्ट से ऊर्जा और खाद बनाने की सुविधाओं का एकीकरण, जलभराव को रोकने के लिए व्यापक जल निकासी नेटवर्क, शहरी लचीलापन बढ़ाने के लिए नीली-हरी अवसंरचना का विकास करना, प्रकृति को प्राथमिकता देते हुए शहरी नियोजन रूपरेखा तैयार करना इत्यादि शामिल है। बैठक में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास के अलावा नगर निगम कमिश्नर मयंक मनीष, अपर्णा गुप्ता,सीताराम चौहान, बलवीर सिंह, मोहित सिंघल,अनिल राठौड़, विजय कुमार मीणा, विक्रम बिश्नोई, दीपक माँडन, समेत अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *