Bikaner Bikaner District Rajasthan

गजल गायक जगजीत सिंह की स्मृति में बनेगा म्यूजियम

गजल गायक जगजीत सिंह की स्मृति में बनेगा म्यूजियम
बीकानेर। प्रसिद्ध गजल गायक स्व. श्री जगजीत सिंह की स्मृति में बीकानेर शहर में म्यूजियम बनाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जिला कलेक्टर को इसके लिए जमीन आवंटित करने के निर्देश दिए हैं। मेघवाल ने कहा कि प्रसिद्ध गजल गायक श्री जगजीत सिंह के बचपन के 10 वर्ष बीकानेर में गुजरे। उनके पिता सरदार अमर सिंह धीमान, तात्कालिक महाराजा गंगासिंह के शासन में सार्वजनिक निर्माण विभाग में ओवैशियर थे। इस कारण जगजीत सिंह की प्रारंभिक शिक्षा बीकानेर में ही हुई। उन्होंने कहा कि श्री जगजीत सिंह ने देश और दुनिया में बीकानेर एवं श्रीगंगानगर का नाम रोशन किया। आने वाली पीढ़ी को उनके योगदान की जानकारी रहे, इसे ध्यान रखते हुए बीकानेर में उनकी स्मृति में म्यूजियम बनाया जाएगा। जहां उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से सम्बंधित जानकारी संकलित की जाएगी।
ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा ’टूर दा थार’
23 नवंबर को होने वाले साइक्लिंग इवेंट ’टूर दा थार’ की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइकलिंग इवेंट ’टूर दा थार’ का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत नौरंगदेसर से होगी। यह वही स्थान है, जहां वर्ष 2023 के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अगवानी बीकानेर के सौ से अधिक साइकिल धावकों ने की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *