

विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों का प्रशिक्षण
बीकानेर। इंट्रैक्ट क्लब, नालन्दा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सदस्यों को ट्रैफिक नियमों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब बीकानेर व डूडी होण्डा के सौजन्य से किया गया। रोटे दिनेश आचार्य ने ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि जिस तरह से शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खान पान आदि नियमों का पालन करना जरूरी है उसी तरह सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना जरूरी है। हेलमेट जुर्माने से बचने के लिए नहीं बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए लगाने की आदत डालें।
विकास केली ने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल द्वारा पूरे विश्व में रोटरी क्लबों के माध्यम से 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए इंट्रैक्ट क्लब के माध्यम से मैत्री व समाज सेवा तथा संस्कार संवर्द्धन के कार्य किए जाते हैं। राजेश रंगा ने स्वागत करते हुए इंट्रैक्ट क्लब के सदस्यों को सामाजिक सरोकारों में योगदान देने का आह्वान किट तथा नालन्दा स्कूल द्वारा करुणा क्लब के माध्यम से किए गये विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी प्रदान की। रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटे दीन दयाल व्यास ने इंट्रैक्ट सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक विकास की गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिये।
