

स्वास्थ्य एवं पोषण से सम्बंधित जागरूकता अभियान आयोजित
बीकानेर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित दस दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशन में सखी वन स्टॉप सेंटर पर कैंसर और एनीमिया की रोकथाम तथा स्वास्थ्य एवं पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि पीबीएम कैंसर विभाग से नर्सिंग ऑफिसर जयबाला ने कैंसर की रोकथाम के लिए स्वस्थ आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू एवं शराब से बचाव तथा नियमित स्वास्थ्य जांच जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। इसी क्रम में एनीमिया रोकथाम के लिए आयरन युक्त आहार एवं विटामिन सी के सेवन पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली, जागरूकता और शिक्षा ऐसे पहलू हैं जिनके माध्यम से हर बीमारी से बचा जा सकता है। इन उपायों को अपनाकर हम न केवल कैंसर और एनीमिया जैसी बीमारियों से बच सकते हैं, बल्कि स्वस्थ और समृद्ध जीवन जीने की दिशा में कदम भी बढ़ा सकते हैं।
