

उदयरामसर में दादा गुरुदेव का जाप व भक्ति संगीत संध्या कल
बीकानेर। जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ के गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर म.सा., मुनि मंथन प्रभ सागर व मीत प्रभ सागर, साध्वीश्री दीपमाला, शंखनिधि श्रीजी के सान्निध्य में उदयरामसर की दादाबाड़ी में शनिवार को सुबह नौ बजे दादा गुरुदेव इकतीसा व मंत्र जाप व शाम को भक्ति संगीत संध्या होगी। रविवार को श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के तत्वावधान में सकल श्रीसंघ के सहयोग से दादा गुरुदेव सुबह पूजा, उसके बाद भक्ति संगीत के साथ बड़ी पूजा, उसके बाद प्रसाद व मेले का आयोजन होगा।
श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि गणिवर्य व मुनिवृंद शनिवार को सुबह पांच बजे उदयरामसर के लिए विहार करेंगे। दो दिन तक उनके प्रवास के दौरान विविध धार्मिक अनुष्ठान उदयरामसर की दादाबाड़ी में होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टैंट, लाइट, पेयजल, विश्राम, पूजा व भक्ति के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मेला स्थल पर खान-पान की वस्तुओं, खिलौने, झूले आदि लग गए है। श्रावक-श्राविकाएं पैदल, विभिन्न वाहनों, ऊंट गाड़ों से उदयरामसर पहुंचेंगें। श्रद्धालुओंके लिए गोगागेट के बाहर रविवार को सुबह दस बजे बस की व्यवस्था रहेगी।
