

देवस्थान विभाग ने करवाया रुद्राभिषेक
बीकानेर। देवस्थान विभाग द्वारा सावन के तीसरे सोमवार को जेल रोड स्थित राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार मंदिर श्री महादेव जी सिद्ध बाबा की बगीची रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर में दूध, दही, फल और पुष्पों के माध्यम से विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। विभाग निरीक्षक सोनिया रंगा, किशोर कुमार शर्मा, राजेश दाधीच, महेश कुमार शर्मा, रितेश श्रीमाली, गोपाल आचार्य, योगेंद्र शर्मा और अभिषेक श्रीमाली कल्पेश शर्मा मौजूद रहे। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गौरव सोनी ने बताया कि सावन के चारों सोमवार को विभाग की ओर से राजकीय मंदिर में रुद्राभिषेक करवाया जा रहा है।
नोखा में श्रावण मास के तीसरे सोमवार को बाबा भुतनाथ मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ देखी गई। पंडित राधेश्याम शर्मा के सानिध्य में विशेष अभिषेक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कानाराम शर्मा,मालचंद सारस्वत,मनोज ओझा,कन्हैयालाल सारस्वत सहित कई शिवभक्त मौजूद रहे।
सावन के इस पावन दिन पर नोखा में जगह-जगह शिवभक्तों द्वारा पूजा-अर्चना का दौर दिनभर चलता रहा। मंदिरों और घरों में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दी। नोखा के लाहोटी चौक स्थित वीर हनुमान मंदिर में पंडित जगदीश पालीवाल के सानिध्य में 108 पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका विशेष पूजन अभिषेक किया। नोखा नगरपालिका द्वारा निर्मित और निराश्रित गोवंश सेवा समिति द्वारा संचालित रायसर रोड पर स्थित नंदीशाला के शिवालय में भी विशेष पूजा का आयोजन हुआ। भक्तमंडली के चंद्रप्रकाश झंवर के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दुग्ध, दही और शहद से भगवान शिव का अभिषेक किया गया।
शिवभक्तों ने बिल्वपत्र और पुष्प भी भोलेनाथ को अर्पित किए। इस अवसर पर पार्षद अंकित तोषनीवाल, मूलाराम उपाध्याय, चंद्रप्रकाश झंवर, भेरूसिंह राजपुरोहित, आदूराम भादू के साथ अन्य शिवभक्त और महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
