

किसानों को वितरित किए मृदा स्वास्थ्य कार्ड
बीकानेर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़े के तहत गुरुवार को लालमदेसर ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित हुआ। शिविर में तहसीलदार राजकुमारी की उपस्थिति में किसानों को कृषि एवं उद्यान विभाग की विभिन्न अनुदान योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में किसानों को उनके खेत की मिट्टी के मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्राप्त कर किसानों के चेहरों पर प्रसन्नता देखने को मिली। कार्ड में दर्शाए गए सुझावों के अनुसार उर्वरकों का संतुलित उपयोग कर किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत सही राम पुत्र हरजी राम को पाइपलाइन की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं अशोक पुत्र श्रीराम जाट को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किया गया।
वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक भंवर लाल पचार ने विभागीय योजनाओं, मृदा नमूना लेने की विधि, और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के उचित उपयोग की के बारे में समझाया।
किसानों ने इस पहल के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे शिविर उनके लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं, जिससे वे वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर बेहतर उत्पादन ले सकें।
