Bikaner Bikaner District

ऊपनी, कल्याणसर नया और जाखासर शिविर का किया निरीक्षण

ऊपनी, कल्याणसर नया और जाखासर शिविर का किया निरीक्षण
बीकानेर। एडीएम प्रशासन रामावतार कुमावत ने शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा अंतर्गत श्री डूंगरगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत ऊपनी, कल्याणसर नया और जाखासर में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत उपनी में एडीएम प्रशासन ने राजस्व विभाग से संबंधित नायब तहसीलदार को विभिन्न न्यायालयों से प्राप्त नोटिस शिविर स्थल पर लाने तथा उनकी शत-प्रतिशत तामील करना सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। जलदाय विभाग के उपखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम में विभाग की टंकियां की सफाई करवाई जावे। शिविर स्थल पर ई-मित्र संचालक को निर्देशित किया गया कि ई-मित्र के माध्यम से होने वाले कार्यों की सूची शिविर में प्रदर्शित की जाए ताकि ग्रामीणों को होने वाले कार्यों की जानकारी प्राप्त हो सके। ग्रामीणों द्वारा ग्राम बाना में बारिश के समय पानी भरने की शिकायत पर श्री कुमावत ने उपखण्ड अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उक्त समस्या का नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए।
कल्याणसर नया शिविर में खेत का रास्ता मौके पर ही खुलवाया
कुमावत ने ग्राम पंचायत कल्याणसर नया में निरीक्षण के दौरान खेत का रास्ता बंद होने संबंधी परिवाद प्राप्त होने पर मौके पर मौजूद पटवारी को रास्ते का मौका निरीक्षण कर खुलवाकर पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वन विभाग को शिविर में पौधों का वितरण मौके पर करवाने के निर्देश प्रदान किए गए। परिवादी द्वारा 11 केवी लाइन के ढीले तारों की शिकायत पर श्री कुमावत ने विद्युत विभाग के उपखण्ड स्तरीय अधिकारी को आज ही ढीले तारों को कसवा कर रिपोर्ट करने व परिवाद का निस्तारण करने के निर्देश प्रदान किए गए।
जाखासर शिविर में पीएचईडी से हेल्पर बैठा था, उपखंड स्तरीय अधिकारी को किया नोटिस जारी
एडीएम प्रशासन श्री रामावतार कुमावत ने जाखासर में शिविर निरीक्षण के दौरान पीएचईडी विभाग से हेल्पर के अतिरिक्त अन्य कोई अधिकारी उपस्थित न होने को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही अधीक्षण अभियंता को संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन ने कहा कि शिविर में सभी संबंधित विभाग के उपखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें। ग्रामीणों द्वारा ग्राम में बरसाती पानी के इकट्ठा होने की शिकायत पर श्री कुमावत ने ग्राम पंचायत को निर्देशित किया कि आज ही पानी निकासी सुनिश्चित की जावे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती उमा मित्तल, बीडीओ मनोज धायल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *