

प्रसार का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित
अगले वर्ष 21 अप्रैल को सभी जिलों में मनाएंगे जनसंपर्क दिवस, जयपुर में होगा राज्य स्तरीय सम्मान समारोहः डॉ. आचार्य
बीकानेर। पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (प्रसार) का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह रविवार को जिला उद्योग संघ सभागार में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. अमर सिंह राठौड़ को पंडित घनश्याम गोस्वामी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान, पूर्व सहायक निदेशक राजेंद्र शर्मा को किसन कुमार व्यास ’आजाद’ स्मृति जनसंपर्क रत्न सम्मान और श्रीगंगानगर के युवा जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार शाक्य को दिनेश चन्द्र सक्सेना स्मृति युवा जनसंपर्क कर्मी सम्मान अर्पित किया गया। सभी को अभिनंदन पत्र, स्मृति चिह्न, साफा, शाल, माला, गिफ्ट हैंपर भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम जनसंपर्क विभाग की पूर्व उपनिदेशक श्रीमती पुष्पा गोस्वामी को समर्पित रहा।
मुख्य अतिथि खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल थे। उन्होंने कहा कि किसी विभाग के दिवंगत अधिकारियों की स्मृति में सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानित करना सराहनीय परम्परा है। इसके माध्यम से युवा पीढ़ी को सीख मिलेगी और वे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि आज के दौर में ऐसी पहल अधिक प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विधा का आज के दौर में बेहद महत्व है। सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में विभाग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई ऊर्जा का संचार होता है।
बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता अर्पित करना हमारी परम्परा का हिस्सा है। प्रसार द्वारा ऐसी पहल करना सराहनीय है। उन्होंने बीकानेर को अपनायत का शहर बताया और कहा कि यहां की परंपराएं अपने आप में मिसाल है। कवि कथाकार राजेंद्र जोशी ने प्रसार द्वारा अब तक सम्मानित अधिकारियों का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि जन्मसंपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करता है। जोशी ने बीकानेर की जनसंपर्क परम्परा के बारे में बताया।
प्रसार के प्रदेश अध्यक्ष और जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक डॉ. हरि शंकर आचार्य ने कहा कि हमारे पूर्वजों से हमें संस्कार मिलते हैं। इनसे सीख लेते हुए आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगले साल से 21 अप्रैल को जनसंपर्क दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रसार का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह विभिन्न नवाचारों के साथ जयपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अब तक के कार्यक्रमों के बारे में बताया।
इस दौरान हेमाराम जोशी, डॉ अजय जोशी, राजाराम स्वर्णकार, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष जुगल किशोर व्यास, बसन्त आचार्य, गजेंद्र सिंह सांखला, नारायण दास आचार्य, पुस्तकालयाध्यक्ष विमल शर्मा, गिरिराज खेरीवाल, राजेश अग्रवाल, जी एल तिवाड़ी, हेम शर्मा, शिव चरण शर्मा, रमेश महर्षि, श्याम मारू, घनश्याम व्यास, भवानी सोलंकी, पीयूष पुरोहित, आनंद जोशी, दुर्गा शंकर आचार्य, डॉ. गौरी शंकर प्रजापत, जुगल किशोर पुरोहित सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
