

शिविर में 163 यूनिट रक्तदान
बीकानेर। भारत-पाक तनाव के बीच जारी ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को समर्पित भारतीय सेना के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन आशीर्वाद भवन में किया गया। पूर्व यूआईटी चैयरमेन महावीर रांका व रविशेखर मेघवाल द्वारा आयोजित इस शिविर में 163 यूनिट रक्त एकत्र हुआ है। रक्तदान शिविर का शुभारम्भ पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, भाजपा नेता रविशेखर मेघवाल एवं महावीर रांका द्वारा किया गया। शिविर में रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि आपका रक्तदान किसी के लिए जीवनदान बन सकता है और हाल ही में बॉर्डर पर चल रही विकट परिस्थितियों को देखते हुए रविशेखर मेघवाल एवं महावीर रांका द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन करवा कर वाकई देश के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। पूर्व यूआईटी चैयरमेन महावीर रांका ने कहा कि इस तपती गर्मी में भी रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और सुबह नौ बजे से दोपहर 3 बजे तक निरन्तर शिविर जारी रहा।
