

37 साल पुरानी हाथ की विकृति का सफल ऑपरेशन
बीकानेर। एसपी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में प्लास्टिक सर्जरी के माध्यम से 38 वर्षीय बाबूलाल को 37 साल पुरानी हाथ की विकृति से राहत मिली है। महज 8 माह की उम्र में चूल्हे में गिरने से बाबूलाल का दायां हाथ बुरी तरह झुलस गया था। समय के साथ हाथ में गंभीर विकृति विकसित हो गई, जिसके कारण वह लंबे समय तक दैनिक कार्य करने और आजीविका कमाने में असमर्थ रहे। प्लास्टिक सर्जन डॉ. अजयपाल चौधरी ने जांच के बाद बाबूलाल की जटिल स्थिति को देखते हुए सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान बोन ग्राफ्टिंग, टेंडन की लंबाई बढ़ाने तथा फ्लैप कवरेज जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग किया गया। इन प्रक्रियाओं के जरिए हाथ को नया आकार देने के साथ उसकी कार्यक्षमता में भी सुधार किया गया। सफल सर्जरी के बाद बाबूलाल अब सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं। वह अपने दैनिक कार्य करने के साथ मजदूरी कर आजीविका कमाने में भी सक्षम हो गए हैं। इस उपलब्धि पर डॉ. संजीव बुरी ने कहा कि लंबे समय से हाथ की विकृति के साथ जीवन जी रहे बाबूलाल का सफल उपचार अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सर्जरी में डॉ. कांता भाटी, डॉ. सोनाली धवन, डॉ. शिवा तंवर सहित ओटी स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
