

सखी ग्रुप ने मनाया सावन महोत्सव
बीकानेर। अग्रवाल सखी ग्रुप संस्था की ओर से महिलाओं के लिए सावन महोत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम की थीम लहरिया रखी गई, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर सावन की खुशियों का आनंद लिया। संस्था की संचालक सुनीता पित्ती ने बताया कि महोत्सव के दौरान महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें म्यूजिकल चेयर, हौजी, क्विज, वॉक, बैलून गेम, ग्रुप गेम सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘मिस तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को गोल्ड एवं सिल्वर के पुरस्कारों के साथ अनेक आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत, खेल और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सावन उत्सव का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में यशोदा अग्रवाल, पिंकी जैन, पूजा अग्रवाल, संजू अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, हंसा बंसल, मधु पित्ती, चारु अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
