Bikaner Bikaner District India Jaipur Rajasthan स्वास्थ्य जागरूकता

पीबीएम अस्पताल की कैंटीन व किचन का निरीक्षण, अनियमितताओं पर दिए सुधार नोटिस

पीबीएम अस्पताल की कैंटीन व किचन का निरीक्षण, अनियमितताओं पर दिए सुधार नोटिस
बीकानेर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि आयुक्तालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा उनके आसपास संचालित कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय एवं रेस्टोरेंट का सघन निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में पीबीएम अस्पताल परिसर में संचालित किचन एवं कैंटीन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पीबीएम अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए संचालित किचन का फूड लाइसेंस नहीं पाया गया। किचन के स्टोर में दालों के 8 कट्टे, करीब 240 किलोग्राम, मूंगफली के तेल के 4 पीपे, करीब 60 किलोग्राम तथा 50 किलोग्राम दलिया पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। इन खाद्य सामग्री को मौके पर ही संबंधित वेंडर को वापस भिजवाया गया। वहीं मसाले एवं अन्य खाद्य सामग्री को पुराने एवं गंदे प्लास्टिक के डिब्बों में रखकर उपयोग में लिया जा रहा था।
इसी प्रकार पीबीएम परिसर में मर्दाना अस्पताल के सामने टेंडर के माध्यम से संचालित मैसर्स रामावत स्टैंडर्ड मार्ट कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया। यहां बिना खाद्य अनुज्ञा पत्र के कैंटीन संचालित पाई गई। आमजन को अखबार पर खुले में रखकर कचौरी, समोसे आदि खाद्य सामग्री परोसी जा रही थी, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। कैंटीन में फूड हैंडलर्स का मेडिकल प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल एवं पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली।
कैंटीन के जूस कॉर्नर में करीब 25 किलोग्राम सड़े हुए पपीते, केले, कटे एवं साबुत अनार सहित कोल्ड ड्रिंक, ब्रेड, भुजिया आदि सामग्री भी मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। निरीक्षण के दौरान कैंटीन में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। दोनों फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान कुल चार खाद्य नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
अधिकारियों ने कैंटीन संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, खाद्य संचालकों की व्यक्तिगत स्वच्छता, परिसर की साफ-सफाई, पेयजल की गुणवत्ता तथा कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों के उचित रख-रखाव संबंधी नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए। निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह गहलोत, सुरेंद्र कुमार तथा राकेश गोदारा द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *