

भगवान गणेश का भव्य श्रृंगार, दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालु
बीकानेर। नगर सेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर स्थित गढ़ गणेश मंदिर में बुधवार को भगवान गणेश का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। मंदिर के पुजारी मुन्ना सेवग ने बताया कि भगवान गणेश का चांदी के वर्क, विभिन्न प्रकार के सुगंधित एवं आकर्षक पुष्पों तथा केसर से विशेष श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा मनोहारी स्वरूप में नजर आई। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया। पंडित अभिषेक सेवग ने बताया कि विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश को पान एवं मोदक का प्रसाद अर्पित किया गया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की तथा प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति एवं धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
