

मन मंदिर व शांति विहार सोसायटी में मनाया जाएगा गणेश चतुर्थी महोत्सव
बीकानेर। खतुरिया कॉलोनी स्थित मन मंदिर में 14 सितम्बर को गणेश चतुर्थी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान गणेश की स्तुति-वंदना, भक्ति, विशेष पूजन एवं श्रृंगार सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर के संस्थापक सुरेश गुप्ता ने बताया कि शिवबाड़ी स्थित लालेश्वर महादेव मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद गिरि की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से गणेश चतुर्थी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए मंदिर में विशेष सजावट की गई है। वहीं पवनपुरी की शांति विहार सोसायटी में भी 14 सितम्बर को भगवान गणेश का उत्सव अभिजीत मुहूर्त में मनाया जाएगा। डॉ. राहुल राय एवं डॉ. सोनम राय के नेतृत्व में आयोजित होने वाले समारोह में बनारस के वेदपाठी ब्राह्मणों के सान्निध्य में विशेष पूजन किया जाएगा। आयोजन के लिए भगवान गणपति की विशेष प्रतिमा भी बनारस से मंगवाई गई है। अलका डॉली ने बताया कि गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
