

नंदी गौशाला का पशुपालन एवं गोपालन मंत्री ने किया शुभारंभ
बीकानेर। केशरदेसर जाटान में पंचायत समिति स्तरीय नंदी गौशाला का शुभारंभ बुधवार को पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग मंत्री श्री जोराराम कुमावत और कोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह भाटी ने किया। इस अवसर पर सींथल पीठ के महाराज रामपाल एवं श्री माधोदास जी, श्री चंपालाल गेदर,गौ ग्राम सेवा संघ के प्रदेशाध्यक्ष श्री सुरजमाल सिंह निमराणा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ कुलदीप चौधरी, व्यापार उद्योग मंडल अध्यक्ष श्री जुगल राठी, गौशाला संचालक माहेश्वरी सेवा परिषद के श्री प्रयाग चंद चांडक,श्री परता राम सियाग, श्री बाबूलाल मोहता, सोहा से श्री श्याम सिंह,श्री सतीश कु्मार, श्रीडूंगरगढ़ के श्री सत्यनारायण स्वामी,श्री पूनम सुथार, केशरदेसर जाटान सरपंच श्री रामदयाल कस्वां,नापासर से श्री कन्हैयालाल लखानी समेत विभिन्न गांवों के सरपंच, गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पशुपालन और गोपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने केशरदेसर जाटान के पशु चिकित्सालय को प्रथम श्रेणी में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। विदित है कि नंदी गौशाला संचालक माहेश्वरी सेवा परिषद के श्री प्रयाग चंद चांडक ने नंदी गौशाला के लिए अपने दादा श्री बालचंद चांडक की याद में 20 बीघा जमीन दान दी है। वहीं इससे पहले गौशाला के लिए भी साढ़े 47 बीगा जमीन दान दी थी।
कोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि कलयुग में 70 बीघा जमीन दान देना बड़ी बात है। उन्होने कहा कि राजस्थान में 1899 में पड़े छपनिया अकाल से लेकर विभिन्न अकाल पड़ते आए हैं लेकिन राजस्थान के लोगों ने गौवंश को हमेशा संरक्षित रखा। उन्होने कहा कि हमारे विभिन्न संतों ने भी गौ वंश को हमेशा संरक्षित किया और सीख भी दी। लेकिन आज गौ वंश की उपयोगिता खत्म होते ही उसे घर से बाहर निकाल दिया जाता है इस मानसिकता को बदलना होगा। केसरदेसर से रामसर रोड़ की मांग को लेकर विधायक श्री भाटी ने कहा कि तीन विधानसभा इसमें लगती है। हम तीनों विधायक एक ही पार्टी के हैं। लिहाजा किसी भी फंड से इस रोड़ का निर्माण जल्द करवा देंगे।
