Bikaner Bikaner District Jaipur Rajasthan

कम बारिश के चलते गौशालाओं में चारे-पानी की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

कम बारिश के चलते गौशालाओं में चारे-पानी की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
जयपुर। प्रदेश में कम बारिश के चलते अकाल जैसी परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार गौशालाओं में गौवंश के लिए चारे-पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर गंभीर है। इसी क्रम में गौशालाओं में पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में पशुपालन विभाग के प्रमुख शासन सचिव विकास सीतारामजी भाले की अध्यक्षता में मंगलवार को शासन सचिवालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की गौशालाओं में चारे एवं पानी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई तथा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश चंद मीना, गोपालन विभाग की निदेशक श्रीमती कश्मी कौर सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं विभिन्न जिलों के पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं गौशाला संचालक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। प्रमुख शासन सचिव भाले ने कहा कि गौवंश का संरक्षण एवं संवर्द्धन करने के साथ उसकी समुचित देखभाल राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को गौशालाओं में चारे की उपलब्धता एवं पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की कमी सामने आए, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने चारे की उपलब्धता, भंडारण, गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखने के साथ गौशालाओं में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भाले ने चारे की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा एवं मध्य प्रदेश को भी पत्र लिखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *