Bikaner Bikaner District India Jaipur Rajasthan स्वास्थ्य जागरूकता

घुटने में फंसी 28 इंच लंबी लोहे की रॉड सफलतापूर्वक निकाली

घुटने में फंसी 28 इंच लंबी लोहे की रॉड सफलतापूर्वक निकाली
बीकानेर। पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय व्यक्ति का चिकित्सकों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जटिल ऑपरेशन किया। दुर्घटना में मरीज के घुटने के पास करीब 28 इंच लंबी लोहे की रॉड धंस गई थी। करीब दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने रॉड को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया और घुटने को सुरक्षित रखा। डॉ. बीएल खजोटिया ने बताया कि 12 एमएलडी, घड़साना निवासी 40 वर्षीय पप्पी खान गुरुवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उन्हें दोपहर बाद पीबीएम ट्रॉमा सेंटर की आपातकालीन इकाई में लाया गया। मरीज के बाएं घुटने के पार्श्व हिस्से में त्रिकोणीय आकार की लोहे की रॉड धंसी हुई थी। रॉड की लंबाई करीब 28 इंच और चौड़ाई लगभग 4 सेंटीमीटर थी। दुर्घटना के कारण मरीज के घुटने के क्षेत्र में गंभीर चोट आई थी और रक्तस्राव भी हो रहा था। हालांकि, मरीज उपचार के समय सचेत अवस्था में था। डॉ. खजोटिया ने बताया कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के बाद उसे रात में आपातकालीन ऑपरेशन थियेटर में शिफ्ट किया गया। घुटने के बीच में फंसी रॉड को निकालने के दौरान पैर की महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाओं के क्षतिग्रस्त होने का खतरा था। इस जटिलता को देखते हुए ऑपरेशन में कार्डियो थोरेसिक वेस्कुलर सर्जन डॉ. सर्वेश को भी शामिल किया गया। करीब दो घंटे चले जटिल ऑपरेशन में चिकित्सकों ने सावधानीपूर्वक रॉड को बाहर निकाला। ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ तथा मरीज के घुटने को सुरक्षित रखा गया। ऑपरेशन डॉ. बीएल खजोटिया एवं डॉ. सर्वेश के नेतृत्व में डॉ. विक्रांत, डॉ. कमल और डॉ. राजेंद्र मीना की टीम ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *