

कर्मचारियों के बकाया जीपीएफ व स्टेट इंश्योरेंस ऋण के शीघ्र भुगतान की मांग
बीकानेर। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष केसर सिंह चंपावत के नेतृत्व में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने सरकार को ज्ञापन सौंपकर राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की विभिन्न बकाया राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। महासंघ के प्रदेश महामंत्री जगेश्वर शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव एवं वित्त विभाग के शासन सचिव (बजट) को ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में वार्ता की। इस दौरान महासंघ के प्रदेश सचिव बजरंग कुमार सोनी ने कर्मचारियों का पक्ष रखते हुए कहा कि कोई भी कर्मचारी समर्पित अवकाश वेतन, जीपीएफ ऋण अथवा स्टेट इंश्योरेंस ऋण सामान्य परिस्थितियों में नहीं लेता, बल्कि गंभीर एवं विषम परिस्थितियों में इन सुविधाओं का सहारा लेता है। ऐसे में इनकी राशि समय पर उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राज्य कर्मचारियों के बकाया जीपीएफ ऋण, स्टेट इंश्योरेंस ऋण, उपार्जित अवकाश समर्पित वेतन सहित पेंशनर्स से संबंधित विभिन्न मदों की राशि लंबे समय से बकाया है। महासंघ ने इन सभी बकाया भुगतानों को शीघ्र जारी करने की मांग की। महासंघ के प्रदेश प्रवक्ता शिभू सिंह राठौड़, प्रदेश संयुक्त मंत्री हरीश प्रजापति एवं तकनीकी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश उपाध्याय ने बताया कि वार्ता के दौरान मुख्य सचिव एवं वित्त सचिव ने समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
